गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के 2020 के नए संस्करण में भारत के कुल 80 कारनामें शामिल हैं। इनमें विश्व की सबसे बौनी जीवित महिला से लेकर सबसे लंबे बाल का रिकॉर्ड भी भारत के नाम है…
गिनीज विश्व रिकॉर्ड की किताब का नया संस्करण आ गया है। ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड 2020’ नामक इस पुस्तक में हज़ारों दिलचस्प रिकॉर्ड्स को शामिल किया गया है। इसके प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस (Penguin Random House) ने गुरुवार (30 अक्टूबर, 2019) को इन रिकॉर्ड्स की घोषणा की।
इनमें भारत के कुल 80 कारनामें शामिल हैं जिसमें विश्व के सबसे लंबे बाल से लेकर सबसे बौनी महिला और सबसे लंबे नाख़ून का रिकॉर्ड भी भारत के नाम है।
यहां जानिए, भारत के कुछ ऐसे ही हैरान कर देने वाले कारनामों के बारे में…
विश्व के सबसे लंबे बाल का रिकॉर्ड
‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड 2020’ नाम की इस किताब में भारत की 16 साल की नीलांशी पटेल के नाम विश्व के सबसे लंबे बाल होने का रिकॉर्ड दर्ज है।
नीलांशी गुजरात की रहने वाली हैं। उनके बालों की लंबाई 5 फुट 7 इंच है। उनके ख़ूबसूरत बालों के कारण उनके दोस्त उन्हें रपुंज़ल (Rapunzel) कहते हैं।
विश्व की सबसे छोटे कद की महिला
नागपुर की ज्योति अमागे के नाम विश्व की सबसे छोटे कद की (बौनी) जीवित महिला होने का रिकॉर्ड दर्ज है। ज्योति की लंबाई महज़ 24.7 इंच है।
ज्योति ने साल 2011 में अपने 18वें जन्मदिन पर अपना नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया था। तभी से यह रिकॉर्ड ज्योति के नाम है। ज्योति ने एक कलाकार के तौर पर 1 शॉर्ट फिल्म और टीवी सीरियल्स में काम किया है।
एक रेडियो शो और 108 डीजे
सबसे अधिक डीजे द्वारा एक रेडियो शो को हॉस्ट करने का रिकॉर्ड (most radio DJs presenting one radio show simultaneously) भी भारत के नाम दर्ज है। यह रिकॉर्ड, रेडियो हब पीएसजी टेक (Radio Hub PSG Tech) और पीएसजी कम्युनिटी रेडियो 107.8 एमएचज़ेड (PSG Community Radio 107.8 MHZ) के नाम है। एक ही रेडियो शो को 108 रेडियो डीजे ने प्रस्तुत करके यह रिकॉर्ड बनाया है। ये दोनों रेडियो स्टेशन तलिमनाडु के कोयंबटूर (Coimbatore) में हैं।
विश्व के सबसे लंबे नाखून का रिकॉर्ड
विश्व के सबसे लंबे नाख़ून का रिकॉर्ड भी भारत के नाम है। पुणे शहर के श्रीधर चिल्लर के नाम यह रिकॉर्ड दर्ज है। उनके बाएं हाथ में सबसे अधिक लंबा नाख़ून है जिसकी लंबाई 358.1 इंच (909.6 सेंटीमीटर) है।
कागज़ के कप का सबसे बड़ा संग्रह
तमिलनाडु के वी शंकरनारायण ने कागज़ के कप के सबसे बड़े संग्रह का रिकॉर्ड बनाया है। उनके पास कुल 736 कागज़ के कप हैं।
एक देश में सार्वजनिक परिवहन से सबसे लंबी यात्रा
ओडिशा (Odisha) के पुरी शहर के दुर्गा चरण (Durga Charan) और उनकी पत्नी ज्योत्सना मिशरा (Jotshna Mishra) ने सार्वजनिक परिवहन की सबसे लंबी यात्रा का रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने फरवरी 18, 2018 और मार्च 30, 2018 के बीच 29,119 किलोमीटर की लंबी दूरी तय की थी।
यह शर्मनाक रिकॉर्ड भी है भारत के नाम
दुनिया के सबसे प्रदूषित शहर का रिकॉर्ड भी भारत के नाम है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (World Health Organisation) की रिपोर्ट के अनुसार उत्तर प्रदेश का कानपुर शहर विश्व का सबसे प्रदूषित शहर है।
रिपोर्ट के मुताबिक साल 2016 में इसका पीएम 2.5 का औसत प्रति क्यूबिक मीटर 173 माइक्रोग्राम था जो विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानकों के अनुसार 17 गुणा से भी अधिक है।