लंबे समय के इंतज़ार के बाद राजधानी दिल्ली की बसें आज से महिलाओं के लिए फ्री कर दी गई हैं। दिल्ली सरकार द्वारा पहले हीं ये ऐलान कर दिया गया था कि भाई दूज से डीटीसी और कलस्टर बसों में महिलाएं फ्री में यात्रा कर सकेंगी।
इस फ्री यात्रा के लिए सभी महिलाओं को पिंक रंग का पास दिया जा रहा है। जिसपर यात्रा वाले दिन की तारिख लिखी जा रही है। बताया जा रहा है कि इस यात्रा के लिए महिलाओं का दिल्लीवासी होना ज़रूरी नहीं है। इतना ही नहीं ये फ्री स्कीम मार्च 2020 तक लागू रहेगी।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए मार्शल भी बढ़ाए गए
आम आदमी पार्टी द्वारा किए गए वायदों के तहत दिल्ली की बसों में महिलाओं का सफर सुरक्षित करने के लिए 13 हज़ार मार्शल तैनात किए गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार इन मार्शल्स में सिविल डिफेंस वॉलिंटियर के अलावा होमगार्ड और पूर्व सैनिकों को भी इस सेवा से जोड़े जाने का ऐलान किया गया है। जो तीन शिफ्ट में राष्ट्रीय राजधानी में चलने वाली डीटीसी के तहत सभी सरकारी और क्लस्टर बसों में तैनात रहेंगे, ये मार्शल हर तरह की परेशानियों में आपकी मदद करेंगे।