मंगलवार को #DhoniRetires ट्विटर पर काफी ट्रेंड करता रहा। इससे उनके फैन्स बेहद नाराज़ हो गएं। उन्होंने इसके विरोध में ट्विटर पर #NeverRetireDhoni की शुरुआत कर दी जो तेज़ी से वायरल हो रहा है…
2019 के विश्व कप में न्यूज़ीलैंड से सेमी-फाइनल में हारने के बाद से ही धोनी मैदान से दूर हैं। ऐसा माना भी जा रहा था कि 2019 के वर्ल्ड कप के बाद धोनी शायद रिटायर हो जाएं। लेकिन अब तक ऐसा हुआ नहीं है।
उनके फैंस भी यही चाहते हैं कि धोनी अभी रिटायर न हों। उनमें अब भी बहुत क्रिकेट बाक़ी है।
इसीलिए जब धोनी के रिटायरमेंट की बात चली तो ट्विटर यूज़र्स ने #DhoniRetires के विरोध में #NeverRetireDhoni की शुरुआत कर दी। कइयों ने #T20WorldCup के ज़रिए मांग की कि धोनी आगामी 20-20टी विश्व कप में भी खेलें।
फैंस का क्या कहना है?
मंगलवार (29 अक्टूबर) को जब #DhoniRetires ट्विटर पर ट्रेंड करता रहा तो इससे परेशान होकर धोनी की एक फैन ने लिखा, “मैंने जब आज सुबह इसे देखा तो मेरे दिल की धड़कने थम गईं। शाम हो जाने के बावजूद भी यह अभी भी टॉप पर ट्रेंड कर रहा है। मुझे समझ नमहीं आता कि आजकल के लोगों को हो क्या गया है।’’
एक अन्य ट्विटर यूज़र ने लिख़ा, “शुरुआत करने वाले बहुत होते हैं पर उसे अंत तक ले जाने वाले बहुत कम होते हैं।”
एक फैन ने धोनी की नम आंखों वाली तस्वीर साझा की और उनकी उपलब्धियां गिनाईं। इस ट्विटर यूज़र ने धोनी की विकेटकीपिंग की तारीफ़ की और कहा कि धोनी शुरुआत से अंत तक, पहली से आखिरी गेंद तक लगे रहते हैं। “3 घंटे में 300 स्क्वेट्स (squats), 50 मीटर के 50 ट्रॉट (trot) और 150 से अधिक क्विक स्प्रिंट्स (sprints) के बारे में सोचें। इन सबके बावजूद तुम्हे (धोनी) हमारे अपने देश के लोगों ने ही ट्रोल किया।”
धोनी के एक अन्य फैन ने #NeverRetireDhoni को ज़्यादा से ज़्यादा फैलाकर धोनी को सपोर्ट करने की बात कही। उन्होंने लिखा, “इस टैग को ट्रेंड में लाएं न कि अफ़वाहों को। धोनी को अभी और भी मैच खेलने हैं इसलिए धोनी को सपोर्ट करें। फालतू के ट्वीट न करें।”
पहले भी फैली हैं रिटायरमेंट की अफवाहें
इससे पहले भी धोनी के रिटायमेंट की ख़बरें कई दफ़ा चलती रही हैं। यह अनुमान लगाया जाता है कि धोनी अब जल्द ही रिटायर हो जाएंगे। हाल ही में सितंबर महीने में भी जब धोनी के रिटायरमेंट को लेकर कयास लगाए जा रहे थे तो खुद मिसेज धोनी ने ट्वीट करते हुए इसे अफ़वाह बताया था।
हम विकल्प तलाश रहे हैं- एमएसके प्रसाद
इससे पहले मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने कई दफ़ा यह ज़ाहिर किया है कि हमें धोनी का विकल्प तलाशने की ज़रूरत है। 2019 के वर्ल्ड कप के बाद प्रसाद ने बयान देते हुए कहा था, “हम और योजनाएं बना रहे हैं और जितना ज़्यादा संभव हो सके ऋषभ पंत को उतना अधिक मौका देने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल यही हमारी योजना है।”
लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि रिटायरमेंट एक निजी फैसला है। उन्होंने कहा था, “रिटायरमेंट पूरी तरह से एक निजी फैसला है। धोनी जैसे लैजेंडरी क्रिकेटर को पता है कि उन्हें कब रिटायर होना है। लेकिन भविष्य के लिए आगे क्या करना है यह चयन समिति के हाथ में है।”
रिटायरमेंट को लेकर क्या कहते हैं धोनी
2019 के विश्व कप के दौरान धोनी से यह पूछा गया था कि वे कब रिटायर हो रहे हैं? इस पर धोनी ने बेहद सरलता से कहा था, “मैं नहीं जानता कि मैं कब रिटायर होऊंगा। लेकिन बहुत से लोग चाहते हैं कि मैं रिटायर हो जाऊं।”
वाकई, बहुत से लोग चाहते हैं कि धोनी रिटायर हो जाएं लेकिन उनके फैंस ऐसा नहीं चाहते!